जौनपुर में बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
जौनपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर शहर में अघोषित बिजली कटौती और प्रीपेड स्मार्ट मीटर के विरोध में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के शहर अध्यक्ष आरिफ खान के नेतृत्व में कार्यकर्ता विद्युत उपकेंद्र पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर जनता का शोषण करने का आरोप लगाया।
धरना को संबोधित करते हुए शहर अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि प्रदेश सरकार स्मार्ट मीटर के जरिए आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर जनता को लूटने का माध्यम बन गया है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। सरकार की नीतियों के कारण आम उपभोक्ता परेशान है और बिजली व्यवस्था चरमरा गई है।
आरिफ खान ने शहर में हो रही अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 24 घंटे में मात्र 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल पा रही है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच यह स्थिति लोगों के लिए और भी कठिन हो गई है।
सभासद शाहनवाज मंजूर ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा में कटौती कर जनता को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है। वहीं, जिला उपाध्यक्ष लाल प्रकाश पाल ने मांग की कि सरकार तत्काल प्रीपेड मीटर की व्यवस्था वापस ले और ग्रामीण क्षेत्रों में कम से कम 20 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करे।
प्रदर्शन में वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जोहा सब्बू, तौफीक राजू, जैद सिद्दीकी, मोहम्मद ताहिर, संतोष निषाद और अशरफ सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव