यूपीआई शुल्क के विरोध में कांग्रेस ने राज्यमंत्री रामकेश निषाद के आवास पर पहुंचकर जताया विरोध
बांदा, 18 सितंबर (हि.स.)। यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित नए मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद के इंदिरा नगर स्थित आवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान “यूपीआई टैक्स रोल बैक, रोल बैक” और “कांग्रेस लाओ, देश बचाओ” के नारे लगाए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य मंत्री रामकेश निषाद को दाे हजार रुपये मूल्य की पूजन सामग्री भेंट कर अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि पार्टी का आरोप है कि यूपीआई भुगतान पर शुल्क लगाए जाने से व्यापारियों और आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। नए शुल्क को तत्काल वापस लेने तथा आम नागरिकों के साथ छोटे और मध्यम व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया तो कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता राहुल गांधी इस मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाएंगे और कांग्रेस कार्यकर्ता उनके साथ खड़े हैं।
प्रदर्शन में कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष सीमा खान एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष प्रो. संजय द्विवेदी दनादन, जिला महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी सत्य प्रकाश द्विवेदी एडवोकेट, महासचिव शोएब रिजवी, कालीचरण निगम, अमित तिवारी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मोहन साहू, अंसार भाई सिद्दीकी एडवोकेट, जिला सचिव हेमंत वर्मा, बाबूराम यादव, शिवपूजन तिवारी, आरिफ निजामी, सुखलाल वर्मा और लालबाबू राजपूत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह