वृंदावन में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने किए बांके बिहारी के दर्शन

 


विकास के नाम पर ब्रजवासियों के घर और दुकानें नहीं होने देंगे प्रभावित: कुणाल चौधरी

मथुरा, 23 अगस्त(हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी कुणाल चौधरी ने रविवार वृंदावन पहुंचकर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी जी महाराज के दर्शन किए और देश-प्रदेश में सुख, शांति तथा भाईचारे की कामना की। दर्शन के उपरांत उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए सत्तापक्ष पर जमकर निशाना साधा और बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर तथा मंदिर के प्रस्तावित अधिग्रहण का पुरजोर विरोध किया।

कुणाल चौधरी ने कहा कि वृंदावन केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों सनातनियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज धर्म को सत्ता प्राप्ति का जरिया बनाया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर चंदे में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं और जनता द्वारा दिए गए दान का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए। प्रस्तावित कॉरिडोर और मंदिर अधिग्रहण की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेता ने स्पष्ट शब्दों में चेताया कि विकास के नाम पर ब्रजवासियों के रोजगार, घर, दुकान और यहां की पौराणिक विरासत को नष्ट नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने मांग की कि सरकार को कोई भी कदम उठाने से पहले मंदिर से जुड़े सभी हितधारकों और स्थानीय नागरिकों के साथ सीधी बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने ऐलान किया कि कांग्रेस पार्टी ब्रज की सांस्कृतिक धरोहर और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर संवैधानिक स्तर तक कड़ा संघर्ष करेगी।

इस अवसर पर पूर्व सीएलपी नेता प्रदीप माथुर, जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर, शहर अध्यक्ष यतेंद्र मुकद्दम, सोहन सिंह सिसोदिया, दीपक पाराशर, कुंवर सिंह निषाद, प्रकाश शर्मा, अजय शर्मा और आशीष अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार