प्रधानमंत्री मोदी की 'लाइन लगाओ योजना' से जनता परेशान, सरकार बनी मूकदर्शक : सांसद नासिर हुसैन

 


—अचानक और अव्यवस्थित फैसलों ने पहले भी देश की जनता को भारी कष्ट दिया

वाराणसी, 28 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद नासिर हुसैन ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नए भारत में हर चीज के लिए लंबी कतारें लगानी पड़ रही हैं। आज देश की जनता को पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेंडर, खाद, राशन, पानी से लेकर आधार, सरकारी नौकरी, रेलवे टिकट, बिजली बिल सुधार और टोल नाके तक हर जगह लंबी कतारों का सामना करना पड़ रहा है। यह प्रधानमंत्री मोदी की 'लाइन लगाओ योजना' है, जिसमें जनता केवल परेशान है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।

वाराणसी आए राज्यसभा सांसद पांडेयपुर स्थित एक होटल में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को निशाने पर लेकर कहा कि भारतीय रुपया लगातार गिर रहा है। डॉलर के मुकाबले रूपया कमजोर हो चुका है, जिससे आयातित वस्तुएं और महंगी हो रही हैं। भाजपा सरकार आर्थिक मोर्चे पर पूरी तरह विफल रही है और इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव का असर भारत पर पड़ा है, लेकिन सरकार ने इसके लिए कोई ठोस तैयारी नहीं की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बार-बार ऐसे बयान देती है जिससे देश में घबराहट (पैनिक) का माहौल बनता है। बिना सोचे-समझे कोविड जैसी तैयारी करने का बयान देकर सरकार ने फिर से जनता को डराने का काम किया है। अचानक और अव्यवस्थित फैसलों ने पहले भी देश की जनता को भारी कष्ट दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के बावजूद काशी की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। काशी में विकास सिर्फ विज्ञापनों में दिखता है, जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और आगे भी सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी।

वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने देश के समसामयिक मुद्दों, बढ़ती महंगाई, विदेश नीति, ईंधन संकट और काशी की जमीनी समस्याओं के बहाने सरकार को घेरा। वार्ता में पार्टी के वाराणसी जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, गौरव पाण्डेय, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, मनीष मोरोलिया, अरुण सोनी आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी