उप्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह मुन्ना के निधन पर कांग्रेस में शोक की लहर

 


लखनऊ, 20 अप्रैल(हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता अरुण कुमार सिंह 'मुन्ना' का इलाज के दौरान निधन हो गया है। वे जौनपुर के रहने वाले थे और कांग्रेस के एक प्रमुख नेता व बेहतरीन वक्ता थे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। वे लंबे समय तक छात्र राजनीति और जनसेवा में सक्रिय रहे।

अरुण कुमार सिंह मुन्ना के निधन पर विरोधी दल राज्य सभा प्रमोद तिवारी ने कहा कि मुझे गहरा दुःख हुआ है। स्व.अरुण कुमार सिंह मुन्ना छात्र जीवन से ही छात्र आन्दोलनों में सक्रिय थे। वे प्रयागराज विश्वविद्यालय के छात्र नेता थे। विपरीत परिस्थितियों में भी चुनाव जीतकर आते रहे।

वर्ष 1977 में भी कांग्रेस के टिकट पर वे चुनाव जीते थे। स्व.मुन्ना कांग्रेस एवं गांधी परिवार के प्रति पूरी तरह से निष्ठावान एवं समर्पित थे। उनके निधन से गरीबों का एक सच्चा हितैषी एवं मसीहा सदा सर्वदा के लिये चला गया।

तिवारी ने कहा है कि मेरा और उनका साथ एस.पी. इण्टरमीडिएट कालेज कुण्डा, प्रतापगढ़ से छात्र जीवन से ही रहा, हम दोनों सहपाठी थे। 60 के दशक से ही हम दोनों एक साथी के रूप में रहे, मेरा उनके साथ का एक लम्बा सफर रहा है।

अरुण सिंह मुन्ना ने अपने करियर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में काम किया। वे राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय