गैस संकट पर कांग्रेस ने निकाली सिलेंडर की अर्थी, जताया आक्रोश
कानपुर, 30 मार्च (हि.स.)। शहर में बढ़ती गैस की किल्लत और आम जनता की परेशानियों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। अध्यक्ष पवन गुप्ता और एआईसीसी सदस्य जे.पी. पाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दादानगर इंडस्ट्रियल एरिया से ममता गैस एजेंसी तक पदयात्रा निकाली। इस दौरान उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर की अर्थी निकालकर उसका अंतिम संस्कार किया और सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। पदयात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारे लगाए और जनता की परेशानियों को उजागर करते हुए सरकार विरोधी नारेबाजी की।
मानवीय पहल के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लाइन में खड़े लोगों को ठंडा पानी वितरित किया और उनकी समस्याएं सुनी। महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि सरकार की लापरवाही और अव्यवस्थित आपूर्ति व्यवस्था आम नागरिकों के जीवन को प्रभावित कर रही है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि गैस आपूर्ति तुरंत सुचारू की जाए और जनता को राहत प्रदान की जाए।
एआईसीसी सदस्य जेपी पाल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनके हक के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस बड़े आंदोलन को बाध्य होगी।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से आग्रह किया कि गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए और आम जनता के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप