पंचतीर्थ बनाकर भाजपा ने दिया बाबा साहब को सम्मान, कांग्रेस-सपा ने किया अपमान : प्रकाश पाल
जौनपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने संविधान दिवस पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर डॉ. भीमराव आंबेडकर के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों ने बाबा साहब के विचारों के अनुरूप काम नहीं किया। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने उनसे जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर सम्मान दिया है।
हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिधि से बातचीत में प्रकाश पाल ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान अंगीकृत किया था। यह दिन संविधान निर्माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहब के राजनीतिक जीवन में उनका विरोध किया। हिंदू कोड बिल पर तत्कालीन सरकार के रुख से आहत होकर ही उन्होंने कानून मंत्री के पद से इस्तीफा दिया था। पाल के मुताबिक, बाबा साहब महिलाओं को समान अधिकार दिलाना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस ने उनके प्रस्तावों का समर्थन नहीं किया।
उन्होंने कहा कि महू, लंदन, नागपुर, दिल्ली और मुंबई में बाबा साहब से जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है। वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में कन्नौज के तिर्वा स्थित बाबा साहब के नाम पर बने राजकीय मेडिकल कॉलेज का नाम बदल दिया गया। कांग्रेस पर आपातकाल के दौरान संविधान की मूल भावना से छेड़छाड़ करने का आरोप भी लगाया।
पाकिस्तान से नेटफ्लिक्स के माध्यम से आने वाली सामग्री पर रोक लगाने के केंद्र सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी डिजिटल मंच से भारत में भ्रामक सामग्री फैलाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। देश में विदेशी एजेंडे के बजाय अपनी संस्कृति और सभ्यता को बढ़ावा मिलना चाहिए।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए पाल ने कहा कि ओवैसी उत्तर प्रदेश की चिंता छोड़कर हैदराबाद की राजनीति करें। प्रदेश की जनता लगातार दो बार योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बना चुकी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ अभद्रता और समाज में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। अवैध संपत्ति के जरिये लोगों का शोषण करने वालों पर बुलडोजर कार्रवाई होनी चाहिए।
आरएसएस और भाजपा पर ओवैसी की टिप्पणी के जवाब में उन्होंने कहा कि देश में संविधान के अनुसार ही शासन चलेगा और संवैधानिक व्यवस्था सर्वोपरि है। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित गठबंधन पर उन्होंने कहा कि चुनावी असफलताओं के बाद विपक्षी दल नए राजनीतिक समीकरण बनाने में जुटे हैं, लेकिन जनता ऐसे प्रयोगों को स्वीकार नहीं करेगी।
प्रकाश पाल ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन की मजबूती के दम पर पार्टी चुनाव मैदान में उतरेगी। बूथ से जिला स्तर तक कार्यकर्ता चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव