कांग्रेस पार्टी राजनीतिक संगठन ही नहीं, बल्कि देश की आत्मा और विचारधारा है जिसने देश को दिलाई आज़ादी : अविनाश पाण्डेय
आने वाला 2027 कांग्रेस का होगा: अजय राय
स्थापना दिवस पर कार्यालय पर फहराया गया कांग्रेस का झण्डा, लगाई गयी प्रदर्शनी
लखनऊ,28 दिसम्बर (हि.स.)। कांग्रेस की स्थापना के 140 वर्ष पूर्ण होने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पाण्डेय एवं प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने रविवार को प्रदेश मुख्यालय पर पार्टी का झंडा फहराया गया। इसके बाद दोनों नेेताओं ने महात्मा गांधी, प्रथम प्रधानमंत्री पं0 जवाहर लाल नेहरू, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कृतज्ञता ज्ञापित की।
स्थापना दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने उपस्थित कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि देश की आत्मा और विचारधारा है। यह वही पार्टी है जिसने देश को आज़ादी दिलाई और आज़ादी के बाद लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी।
श्री पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास त्याग, बलिदान और जनसेवा से भरा हुआ है। महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, मौलाना आजाद, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी जैसे महान नेताओं ने देश को सही दिशा दी। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा किसान, मजदूर, युवा, महिला, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा की है।इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि उ0प्र0 का यह संदेश पूरे देश को देना है कि अब कांग्रेस के कार्यकर्ता निस्वार्थ रूप उठ खड़े हुए हैं आने वाला 2027 कांग्रेस का होगा। पूरे प्रदेश में रैलियों का आयोजन किया जाएगा।
कांग्रेस की स्थापना के 140 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर एक आर्ट पिक्चर गैलरी की प्रदर्शनी लगाई गई जिसके माध्यम से उपस्थित कांग्रेसजनों को आजादी के पहले एवं बाद तक हुए कांग्रेस अधिवेशनों एवं उनके उद्देश्यों तथा निर्णयों से अवगत कराया गया। जिसमें कांग्रेस की स्थापना का उद्देश्य उसकी पूर्ति के लिए त्याग और बलिदान करने वाले महापुरुषों के नाम और चित्रों का समावेश किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन