गोरखपुर में अध्यात्म और उद्योग का संगम, टाटा संस के चेयरमैन ने किए गुरु गोरखनाथ के दर्शन

 




गोरखपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। बुधवार को गोरखनाथ मंदिर का पावन परिसर एक विशेष अवसर का साक्षी बना, जब एन. चंद्रशेखरन ने शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस गरिमामय अवसर पर योगी आदित्यनाथ स्वयं उपस्थित रहे। गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में उन्होंने अतिथि का आत्मीय स्वागत किया। मंदिर परिसर में पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई। मंत्रोच्चार और भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण ने सभी को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

दर्शन-पूजन के पश्चात एन. चंद्रशेखरन ने मंदिर की प्राचीन परंपराओं और समृद्ध आध्यात्मिक विरासत के प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने इस दिव्य अनुभव को आत्मिक शांति और प्रेरणा का स्रोत बताया। यह अवसर न केवल आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि उद्योग जगत और सांस्कृतिक विरासत के सुंदर संगम का भी प्रतीक बना।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय