देश के प्रख्यात भाषा व्याकरण-विशेषज्ञ एवं साहित्य मर्मज्ञ विद्यार्थियों का करेंगे मार्गदर्शन

 


प्रयागराज, 13 जून (हि.स)। प्रयागराज स्थित शैक्षणिक संस्था सलोरी ‘हिन्दी संसार’ के सभागार में 19 से 23 जून तक देश के प्रख्यात भाषा व्याकरण विशेषज्ञों, साहित्य मर्मज्ञों तथा समालोचकों का सारस्वत समागम होगा। इसमे विशेष रूप से आए प्रयागराज और वाराणसी के भाषा विज्ञानी, हिन्दी साहित्य-समालोचक शिक्षाविद् आदि विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।

यह जानकारी व्याकरणवेत्ता, भाषाविज्ञानी आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय ने शनिवार को दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में आए शिक्षाविद् विद्यार्थियों के भाषा व्याकरण से सम्बन्धित कठिनाइयों को दूर करेंगे। जबकि काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी के पूर्व हिन्दी आचार्य प्रो० बलराज पाण्डेय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो० मु्श्ताक अली, उदय प्रताप स्वायत्तशासी कॉलेज, वाराणसी के पूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो० रामसुधार सिंह, वसंत पी०जी० कॉलेज वाराणसी की पूर्व हिन्दी आचार्य प्रो० शशिकला त्रिपाठी एवं हिन्दी साहित्य विशेषज्ञ डॉ० अशोक स्वामी विद्यार्थियों का साहित्य संवर्द्धन करेंगे।

आचार्य पृथ्वीनाथ पाण्डेय ने बताया कि समारोह के संयोजक डॉ० अशोक स्वामी हैं। इस आयोजन मे विद्यार्थियों की लिखित और मौखिक परीक्षाओं के समय किन-किन बातों पर ध्यान केन्द्रित करना चाहिए, इसका भी मार्गदर्शन किया जायेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र