ग्राम प्रधानों से जुड़ी लंबित जांचें 29 जुलाई तक पूरी करें नामित जांच अधिकारी, नहीं तो रुकेगा वेतन: डीएम
देवरिया, 21 जुलाई (हि.स.)। जनपद में ग्राम प्रधानों के विरुद्ध लंबित शिकायतों की जांच में हो रही देरी पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी नामित जांच अधिकारी 29 जुलाई तक लंबित मामलों की जांच पूरी कर अपनी आख्या अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। निर्धारित समयसीमा का पालन न करने वाले अधिकारियों का जुलाई माह का वेतन जांच रिपोर्ट उपलब्ध होने तक रोक दिया जाएगा।
जिले में वर्तमान में ग्राम प्रधानों से संबंधित कुल 65 जांचें लंबित हैं। इन मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को कई बार निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर जिला प्रशासन ने अब कड़ी कार्रवाई का निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन सुनिश्चित करने के लिए शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण जरूरी है। उन्होंने सभी जांच अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन करने और बिना किसी लापरवाही के जांच पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी कि तय समय तक जांच पूरी न करने पर जुलाई माह का वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक