बारिश और ओलावृष्टि से फसल नुकसान की राहत 24 घंटें में किसानाें को पहुंचाए अधिकारी : प्रमुख सचिव राजस्व
- जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं-अपर्णा यू
लखनऊ, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों और परिवारों को राहत राशि का वितरण सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख सचिव राजस्व अपर्णा यू ने शनिवार को निर्देश दिए है। उन्होंने अपने निर्देश कहा कि प्रभावित जनपदों के जिलाधिकारी बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली व आंधी-तूफान के कारण हुए फसल क्षति का आकलन कराते हुए 24 घंटे के अंदर प्रभावित किसानों को राहत राशि का वितरण करना सुनिश्चित करें।
प्रमुख सचिव राजस्व ने शनिवार को लाल बहादुर शास्त्री भवन स्थिति सभागार में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली व आंधी-तूफान से हुए फसल क्षति, जनहानि, मकान क्षति, पशुहानि इत्यादि पर दिये गये राहत राशि वितरण की समीक्षा की।
उन्होंने समस्त जिलाधिकारियों, समस्त अपर जिलाधिकारी राजस्व सहित राजस्व व राहत कार्मिकों को संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता पर राहत कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। समस्त जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि राहत राशि निर्गत किये जाने के लिए शासन में बजट की कोई कमी नहीं है। राहत आयुक्त कार्यालय ने 15 मार्च 2026 से अब तक 20 करोड़ रुपये की राहत धनराशि जनपदों को निर्गत की है। अगर किसी जनपद में बजट की कोई कमी हो तो वे तत्काल इसकी मांग राहत आयुक्त कार्यालय से कर लें।
प्रमुख सचिव राजस्व ने जिलाधिकारियों को प्रत्येक प्रभावित परिवारों के मध्य राहत राशि का वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने राहत राशि वितरण कार्यों में शिथिलता बरतने पर लापरवाह कार्मिक के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्यवाही करने का निर्देश दिया। उन्होंने जनसामान्य से अपील किया कि राहत राशि प्राप्त करने में कठिनाई होने पर राहत आयुक्त कार्यालय में संचालित टोल फ्री नम्बर पर 1070 पर शिकायत दर्ज करायें।
उन्होंने बताया कि भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 31 मार्च तक विभिन्न जनपदों में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली व आंधी-तूफान आने की चेतावनी जारी की गयी है। ऐसी स्थिति में जनसामान्य सतर्क रहते हुए सावधानी पूर्वक अपने कार्यों को करें। उन्होंने समस्त जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में जनसामान्य के मध्य खराब मौसम से संबंधित सूचनाओं को विभिन्न माध्यमों से प्रसारित कराने का निर्देश दिया।
उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारियों से प्राप्त सूचना के अनुसार, 15 मार्च से 28 मार्च तक बेमौसम बारिश में कुल 17 जनहानि, 11 पशुहानि तथा सहारनपुर एवं ललितपुर में 1661.75 हेक्टेयर फसल क्षति हुयी है। प्रमुख सचिव राजस्व ने बताया कि राहत आयुक्त कार्यालय ने रेड एलर्ट, ऑरेंज एलर्ट तथा यलो एलर्ट जनपदों में खराब मौसम संबंधी सूचनाओं को सचेत एप के माध्यम से लगभग 13 करोड़ मैसेज भेजकर जनसामान्य को जागरूक किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक