माघ मेला : रेलवे स्टेशनों पर दिशावार मूवमेंट के लिए कलर कोडिंग

 


प्रयागराज, 13 जनवरी (हि.स.)। माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सहज, सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल द्वारा प्रमुख स्टेशनों पर दिशावार कलर कोडिंग प्रणाली लागू की जाएगी। यह व्यवस्था मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन के नेतृत्व में क्रियान्वित की जा रही है।

वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय ने मंगलवार काे बताया कि इस प्रणाली के अंतर्गत प्रयागराज परिक्षेत्र के प्रमुख स्टेशन प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, नैनी एवं सूबेदारगंज पर प्रत्येक दिशा के लिए अलग-अलग रंग निर्धारित किए गए हैं। ताकि श्रद्धालु स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही अपने गंतव्य की दिशा को सरलता से पहचान सकें और बिना किसी भ्रम के आसानी से उचित यात्री आश्रय एवं प्रवेश द्वार तक पहुंच सकें।

माघ मेला में प्रमुख स्नान पर्व मकर संक्रांति (15 जनवरी), मौनी अमावस्या (18 जनवरी), बसंत पंचमी (23 जनवरी), माघी पूर्णिमा (01 फरवरी) एवं महाशिवरात्रि (15 फरवरी) को है। उन्होंने बताया कि दिशावार कलर कोडिंग इस प्रकार है।

--प्रयागराज जंक्शन से दिशावार व्यवस्था :लखनऊ-वाराणसी (बनारस) दिशा हेतु लाल रंग-यात्री आश्रय संख्या 1 गेट 1, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन दिशा हेतु नीला रंग-यात्री आश्रय संख्या 2 गेट 2, मानिकपुर दिशा हेतु पीला रंग-यात्री आश्रय संख्या 3 गेट 3, कानपुर दिशा हेतु हरा रंग-यात्री आश्रय संख्या 4 गेट 4 है। सभी दिशाओं में यात्रा करने वाले आरक्षित यात्री सिटी साइड स्थित गेट संख्या 5 से प्रवेश करेंगे।

नैनी जंक्शन से दिशावार व्यवस्था :कानपुर दिशा हेतु हरा रंग-यात्री आश्रय संख्या 1 गेट 1, झांसी दिशा हेतु नीला रंग-यात्री आश्रय संख्या 2 गेट 1, सतना दिशा हेतु लाल रंग-यात्री आश्रय संख्या 3 गेट 1, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन दिशा हेतु पीला रंग-यात्री आश्रय संख्या-4ए एवं 4बी गेट 3 एवं 4 तथा सभी दिशाओं में यात्रा करने वाले आरक्षित यात्री गेट संख्या 2 है।

प्रयागराज छिवकी स्टेशन से दिशावार व्यवस्था :पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन दिशा हेतु हरा रंग-यात्री आश्रय संख्या 1 गेट 1 ए, मानिकपुर, सतना दिशा हेतु लाल रंग-यात्री आश्रय संख्या 2 गेट 1बी, झांसी दिशा हेतु यात्री आश्रय संख्या 3 गेट 1बी तथा सभी दिशाओं में यात्रा करने वाले आरक्षित यात्री गेट संख्या 2 है।

सूबेदारगंज स्टेशन से दिशावार व्यवस्थाःकानपुर दिशा हेतु यात्री आश्रय संख्या 1 गेट 1, कानपुर दिशा हेतु आरक्षित यात्री गेट संख्या 3 है।

पीआरओ ने बताया कि इस कलर कोडिंग व्यवस्था के माध्यम से स्टेशन पर आने वाले श्रद्धालु बिना किसी अतिरिक्त पूछताछ के यह समझ सकेंगे कि उन्हें अपनी गंतव्य दिशा की ट्रेन के लिए किस रंग के यात्री आश्रय एवं किस गेट से जाना है। इससे यात्रियों में भ्रम की स्थिति समाप्त होगी, भीड़ का संतुलित वितरण सुनिश्चित होगा तथा माघ मेला अवधि के दौरान स्टेशन परिसरों में सुचारु, सुरक्षित एवं नियंत्रित आवागमन बना रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र