अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, मां-बेटे की दर्दनाक मौत
बहराइच, 07 मई (हि.स.)। पयागपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार को भीषण सड़क हादसे में झाला तरहर के पास एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार मां-बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के वीरपुर रुकनपुर निवासी ननके 40 पुत्र सियाराम अपनी मां सूका 65 के साथ मोटरसाइकिल संख्या UP 40 BP 3590 पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। दोपहर करीब 1 बजे जैसे ही वे झाला तरहर के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही पंचनामा की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पयागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. शरद भारती ने दोनों की मृत्यु की पुष्टि की है।
पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया है। फिलहाल अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों से जानकारी जुटाई जा रही है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि फरार वाहन चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए। थानाध्यक्ष पयागपुर दीपक सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की जान गई है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA