बारिश में भरभराकर गिरा कच्चा मकान, बुजुर्ग की मौत

 


बांदा, 26 सितंबर (हि.स.)। जिले में दो दिनों से हो रही बारिश के बीच चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा गांव में शनिवार की देर रात जर्जर कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मकान के अंदर सो रहे 70 वर्षीय चुन्नी वर्मा मलबे में दब गए। परिवार ने मलबा हटाकर बुजुर्ग काे बाहर निकाला, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पपरेंदा गांव निवासी चुन्नी वर्मा मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार रात वह अपने कच्चे मकान में सो रहे थे। जनपद में लगातार हाे रही बारिश के कारण मकान की छत और दीवारें भरभराकर उनके ऊपर गिर गईं। हादसे की तेज आवाज सुनकर परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर बुजुर्ग को बाहर निकाला, लेकिन उनकी सांसें थम चुकी थीं।

चुन्नी वर्मा की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। उनके छह बेटे हैं, जो गांव में मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते हैं। मृतक के नाम करीब एक बीघा जमीन है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि शनिवार को थाना चिल्ला के ग्राम पपरेंदा में लगातार हो रही वर्षा के कारण एक जर्जर मकान में सो रहे 70 वर्षीय व्यक्ति की मकान गिर जाने के कारण दब कर दुखद मृत्यु हो गई। सूचना पर त्वरित रूप से कार्यवाही करते हुए पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही के लिए भेजा।

---------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह