डॉ. कुमार विश्वास सहित आप नेताओं की बढ़ीं मुश्किलें, एमपी एमएलए कोर्ट ने 15 मई को किया तलब

 


सुलतानपुर, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर की विशेष एमपी एमएलए कोर्ट से आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और मशहूर कवि डॉ. कुमार विश्वास सहित दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्रियों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। वर्ष 2014 के आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए सभी आरोपियों को समन जारी कर तलब किया है।

विशेष शासकीय अधिवक्ता कालिका प्रसाद मिश्र ने शुक्रवार को बताया कि यह मामला 6 मई 2014 का है। उस समय डॉ. कुमार विश्वास अमेठी लोकसभा क्षेत्र से 'आम आदमी पार्टी' के उम्मीदवार थे। आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान तत्कालीन कोतवाल मोहम्मद हमीद ने उन्हें और उनके समर्थकों को क्षेत्र छोड़ने का निर्देश दिया था, क्योंकि वे वहां के मतदाता नहीं थे। चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, मतदान से 48 घंटे पहले बाहरी व्यक्तियों का निर्वाचन क्षेत्र में रहना प्रतिबंधित होता है। प्रशासन के बार-बार निर्देश देने के बावजूद कुमार विश्वास, सत्येंद्र जैन और सोमनाथ भारती सहित उनके समर्थकों ने क्षेत्र नहीं छोड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उनके विरुद्ध आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया था।

श्री मिश्र ने बताया कि यह मामला पहले अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में चल रहा था। हाल ही में इसे विशेष एमपी एम एलए मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत में स्थानांतरित किया गया है। अदालत ने मामले का संज्ञान लेते हुए 30 अप्रैल को सभी अभियुक्तों के विरुद्ध समन जारी करने का आदेश दिया। अब इस मामले की अगली सुनवाई 15 मई को नियत की गई है, जिसमें सभी आरोपियों को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होना होगा।

अदालत ने जिन प्रमुख चेहरों को तलब किया है, उनमें डॉ. कुमार विश्वास (तत्कालीन प्रत्याशी), सत्येंद्र जैन (पूर्व मंत्री, दिल्ली सरकार), सोमनाथ भारती (पूर्व मंत्री व विधायक, दिल्ली) शामिल हैं। इस अदालती कार्यवाही से स्थानीय राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त