जौनपुर : कोचिंग जा रही छात्रा की सड़क हादसे में मौत
जौनपुर, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बक्शा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह कोचिंग जा रही एक हाईस्कूल की छात्रा को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। इस दुर्घटना में छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान महराजगंज थाना क्षेत्र के उमरीकला गांव निवासी रामप्रसाद गौतम की पुत्री रौनक गौतम (17 ) के रूप में हुई है। रौनक अपने ननिहाल दक्षिणपट्टी गांव में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे धनियांमऊ स्थित कोचिंग संस्थान जाने के लिए निकली थी। नेशनल हाईवे 731 पर श्रीनारायण सिन्हा इंटर कॉलेज, सरायहरखू के समीप पहुंचने पर छात्रा को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना देखते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वां ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजन शव को घर ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बक्शा थाना पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए घटना में कार्रवाई की जा रही है। ----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव