नशे के अवैध कारोबार को रोकने के लिए शैक्षणिक संस्थानों के आसपास चलेगा अभियान : जिलाधिकारी
मुरादाबाद, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को एनकार्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में नशे की रोकथाम, नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण तथा नशामुक्ति अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग, ड्रग्स विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से आईएफटीएम एवं टीएमयू जैसे प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा सेवन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने ड्रग्स इंस्पेक्टर को निर्देश दिए कि मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंधित एवं नियंत्रित दवाओं की अवैध बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु नियमित निरीक्षण एवं चेकिंग अभियान में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि सभी मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से क्रियाशील रहें तथा उनके माध्यम से गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मुरादाबाद शहर की काशीराम कॉलोनी, हाबूड़ा बस्ती तथा आदर्श कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में इस्कॉन, ब्रह्मकुमारीज, परिवर्तन द चेंज तथा गायत्री परिवार जैसे सामाजिक एवं आध्यात्मिक संगठनों के सहयोग से विशेष जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएं, जिससे नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों को नशामुक्ति के लिए प्रेरित किया जा सके। बैठक में सचिव एमडीए, पुलिस अधीक्षक अपराध, सीएमओ, जिल आबकारी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल