सीएमओ का लोहिया अस्पताल में छापा,फिजिशियन व अन्य कर्मी गायब मिले

 


फर्रुखाबाद ,23 जून (हि.स.)। जिला अस्पताल लोहिया में मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आनंद उपाध्याय के औचक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही उजागर हुई। निरीक्षण के समय पुरुष अस्पताल की ओपीडी में फिजिशियन डॉ. दीपक वर्मा अपने कक्ष में अनुपस्थित मिले, जबकि कई मरीज उनके इंतजार में बैठे थे। वहीं आयुष्मान मित्र काउंटर भी बिना कर्मचारी के संचालित होता मिला।

सीएमओ ने सबसे पहले लोहिया महिला अस्पताल का निरीक्षण किया, जहां सभी चिकित्सक अपने-अपने कक्षों में मौजूद पाए गए और मरीजों का उपचार करते मिले। इसके बाद पुरुष अस्पताल पहुंचने पर फिजिशियन के अनुपस्थित मिलने से उन्होंने नाराजगी जताई। मरीजों को परेशानी न हो, इसके लिए सीएमओ स्वयं चिकित्सक की कुर्सी पर बैठ गए और करीब 15 मिनट तक मरीजों की समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान आयुष्मान मित्र काउंटर पर भी कोई कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। सीएमओ ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि डिजिटल उपस्थिति जांच में भी डॉ. दीपक वर्मा अनुपस्थित पाए गए हैं। उन्होंने सभी चिकित्सकों को सुबह 8 बजे समय से ओपीडी में उपस्थित रहने की चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में लापरवाही मिलने पर शासन और महानिदेशक स्तर पर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। वहीं आयुष्मान मित्र के अनुपस्थित पाए जाने पर उनकी सेवाएं समाप्त करने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जा रहा है। सीएमओ के इस औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है और अस्पताल कर्मियों में जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar