महोबा : ऐतिहासिक गोरखगिरि पर्वत पर मुख्यमंत्री योगी करेंगे पूजा, बुंदेलों को मिलेगी विकास की सौगात
महोबा, 20 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 21 जून रविवार को बुंदेलखंड की वीरभूमि महोबा जनपद पहुंचेंगे। जहां गुरु गोरखनाथ की ऐतिहासिक तपोभूमि गोरखगिरि पर्वत पर पूजा-अर्चना करेंगे और बुंदेलखंड को विकास की कई सौगातें देंगे। रणनीतिक तौर पर योगी का यह दौरा बुंदेलखंड के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है और सुरक्षा के भी पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।
जिले में रुकेंगे लगभग 2 घंटे
योगी आदित्यनाथ के महोबा जनपद आगमन को लेकर प्रस्तावित कार्यक्रम का प्रोटोकॉल जारी हो चुका है। जिसके अनुसार सीएम हेलीकॉप्टर से झांसी से सुबह 10 बजकर 35 मिनट पर महोबा मोदी ग्राम पहुंचेंगे। जहां से उनका काफिला कड़ी सुरक्षा में सड़क मार्ग से गोरखगिरि तलहटी में पहुंचकर सिद्ध बाबा की पूजा अर्चना कर पर्वत में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। जिसके बाद कार्यक्रम स्थल मोदी ग्राम में जिले की सदर और चरखारी विधानसभा में चल रहे विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
बुंदेलों की आस्था का केंद्र
बुंदेलखंड की धरती में विंध्य पर्वत श्रृंखलाओं की गोद में स्थित ऐतिहासिक गोरखगिरि पर्वत बुंदेलों की आस्था का केंद्र है। 11वीं-12वीं शताब्दी में नाथ संप्रदाय के गुरु गुरु गोरखनाथ ने इसे अपनी तपोस्थली बनाया और यहां वर्षों तक तपस्या की, जिससे इस पर्वत नाम ही गोरखगिरि पड़ा। नाथ संप्रदाय से जुड़े योगी आदित्यनाथ अपने प्रणेता गुरु की तपोस्थली पर मत्था टेककर बुंदेलखंड और देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना करेंगे।
गोरखनाथ की 51 फीट ऊंची प्रतिमा प्रस्तावित
रामकुंड स्थित उमंगेश्वर द्वादश ज्योर्तिलिंग मंदिर के महंत शिव किशोर पाण्डेय ने बताया कि त्रेता युग में वनवास काल के दौरान भगवान श्री राम ने चित्रकूट प्रवास के दौरान यहां आराधना की है, सिद्ध बाबा की गुफा के बगल में स्थित सीता रसोई इसका प्रमाण है। गोरखगिरि पर गुरु गोरखनाथ की 51 फीट ऊंची प्रतिमा भी प्रस्तावित है। तो वहीं सिद्ध बाबा के लिए बन रहा रोप वे अधर में लटक गया है।
12 करोड़ से संवर रहा गोरखगिरि
ऐतिहासिक गोरखगिरि पर्वत को धार्मिक पर्यटन के नक्शे पर लाने के लिए योगी सरकार 12 करोड़ रूपये की लागत से यहां विकास कार्य करवा इसे पर्यटन तीर्थ के रूप में विकसित करा रही है। जहां पर रास्ता सीढ़ियां, यात्री सुविधाएं, ध्यान केंद्र, ओपन एयर थियेटर, घाट और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने पहल कर स्कूली बच्चों और कलाकारों से पर्वत की चट्टानों पर सुंदर पेंटिंग कराई है। जिससे इसकी खूबसूरती और बढ़ गई है। सीएम खुद अब मौके पर पहुंचकर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी