गोरखपुर : ग्रीन सिटी-माधोपुर बंधा सड़क का लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री योगी
गोरखपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार 11 अगस्त को सुबह गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण करेंगे। करीब दो किमी. की लंबाई में इस सड़क के निर्माण पर 69.58 करोड़ रुपये की लागत आई है। लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री नेताजी सुभाषचंद्र नगर में एसटीपी के समीप स्थित मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।
राष्ट्रीय राजमार्ग 24 (सोनौली नौतनवां गोरखपुर) से निकलकर यह सड़क ग्रीन सिटी, पटनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक जाती है। इसका चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड दो ने कराया है। सड़क चौड़ी हो जाने से ग्रीन सिटी और इससे जुड़ी कॉलोनियों के लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिल गई है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था के लिए सड़क के दोनों तरफ ड्रेन का निर्माण भी कराया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार 11 अगस्त सुबह 10 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग मोड़ पर फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर सड़क का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वह इसी सड़क से होकर समारोह के लिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस नगर में बने मंच पर पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय