मुख्यमंत्री याेगी का सात जुलाई को प्रतापगढ़ दाैरा, विकास परियोजनाओं की सौगात के साथ जनसभा को करेंगे संबोधित
प्रतापगढ़, 06 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सात जुलाई मंगलवार को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के दाैरे पर आएंगे। मुख्यमंत्री यहां जीआईसी मैदान में जनसभा को संबोधित करने के साथ विकास कराेड़ाें की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन तैयारी में जुटा हुआ है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 9:55 बजे लखनऊ के लामार्ट हेलीपैड से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे और 10:35 बजे प्रतापगढ़ पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री 10:40 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड से कार द्वारा रवाना होकर 10:45 बजे जीआईसी ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां वे जनपद की दो विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे तथा विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम 10:45 बजे से 11:45 बजे तक प्रस्तावित है।
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री 11:45 बजे जीआईसी मैदान से कार द्वारा पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे और 11:50 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से सुल्तानपुर के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां वे 12:10 बजे पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
बदला रहेगा यातायात
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर मंगलवार सात जुलाई को रूट डायवर्जन रहेगा। उन्हाेंने बताया कि जनपद में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान प्रतापगढ़ शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय, क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा तथा क्षेत्राधिकारी यातायात अनिल कुमार राय के नेतृत्व में तैयार किए गए डायवर्जन प्लान के अनुसार, विभिन्न जिलों से आने-जाने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इसके अंतर्गत सुल्तानपुर से प्रयागराज, रायबरेली और वाराणसी की ओर जाने वाले भारी वाहनों को मदाफरपुर मोड़, पट्टी बाईपास, उड़ैयाडीह, जामताली एवं रानीगंज होते हुए भेजा जाएगा। वहीं लखनऊ-रायबरेली से वाराणसी और जौनपुर जाने वाले वाहन लालगंज, लीलापुर, कोतवाली देहात, भुपियामऊ और रानीगंज मार्ग का उपयोग करेंगे।
अमेठी से रायबरेली, लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज की ओर जाने वाले भारी वाहनों को लोहगपुर-बिहारगंज बाईपास एवं सुखपाल नगर बाईपास से होकर वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा। इसी प्रकार वाराणसी, जौनपुर और मछलीशहर से सुल्तानपुर, अयोध्या, अमेठी एवं रायबरेली जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी रानीगंज, जामताली, पृथ्वीगंज, भूपियामऊ और लालगंज होते हुए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन, जैसे एम्बुलेंस, अग्निशमन, पुलिस, प्रशासनिक वाहन तथा खाद्य सामग्री लेकर चलने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट रहेगी।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी