मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में बीते 8 वर्षों में उत्तर प्रदेश बना उत्तम प्रदेश : चौधरी भूपेंद्र सिंह

मुरादाबाद, 26 मार्च (हिं.स.)। भारतीय जनता पार्टी की सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के नारे पर काम करती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते 8 वर्षों में उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बना है। यह बातें उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने मुरादाबाद में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहीं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने बुधवार को दिल्ली रोड स्थित सर्किट हाउस में उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए उप्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व व निर्देशन में प्रदेश सरकार सेवा, सुरक्षा और सुशासन नीति पर कार्य कर रही है। आज उत्तर प्रदेश अपराध मुक्त हो गया है। किसी की हिम्मत नहीं की कोई बहन बेटी की तरफ आंख उठाकर देख ले। मुख्यमंत्री योगी प्रत्येक जनपद के मुख्य उत्पादों को ओडीओपी में लाएं है, जिनका पूरे देश में ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के अंदर नाम हुआ है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों के भुगतान के लिए आंदोलन होते थे, धरना प्रदर्शन होते थे। आज समय से गन्ना किसानों को उनके गन्ने का दाम मिल रहा है। वर्ष 2017 से वर्ष 2023 तक गेंहू क्रय का भुगतान ढाई गुना ज्यादा 3424 करोड़ भुगतान किया। धान के क्रय में 88,746 करोड़ डीबीटी के माध्यम से दिया गया। सरकार ने 32 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि को बाढ़ से बचाने का कार्य किया। प्रदेश में निराश्रित गोवंश के लिए 7700 से अधिक गो आश्रय स्थल में 12 लाख 50 हजार से अधिक गोवंश का संरक्षण सरकाpर स्वयं कर रही है। साथ ही सहभागिता योजना के माध्यम से एक लाख पांच हजार पशुपालकों को एक लाख 63 हजार गोवंश उनकी सुपुर्दगी में दिया गया। इसके लिए सरकार 1500 रु प्रति गोवंश प्रति माह दे रही है। उत्तर प्रदेश ने गरीब कल्याण क्षेत्र में लम्बी छलांग लगाई है। 15 करोड़ प्रदेशवासी मुफ्त राशन प्राप्त कर रहे हैं। 56 लाख जनमानस को आवास की सुविधा दी गई। एक करोड़ छह लाख महिला वृद्धजनों को पेंशन मिल रही है। डीबीटी के माध्यम से पैसा पहुंचाने में यूपी देश में पहले स्थान पर है।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य सतपाल सिंह सैनी, क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, जिला अध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, नगर विधायक रितेश गुप्ता, कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ठाकुर, एमएलसी डॉ जयपाल सिंह व्यस्त व गोपाल अंजान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ शेफाली सिंह चौहान, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला महामंत्री राजन बिश्नोई, महानगर महामंत्री श्याम बिहारी शर्मा, कमल गुलाटी, दिनेश शीर्षवाल, क्षेत्रीय मीडिया सह प्रभारी निमित्त, जिला मीडिया प्रभारी संजय ढाका, महानगर मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता व राहुल सेठी आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल