योगी आदित्यनाथ के 55वें जन्मदिवस पर विश्व हिंदू महासंघ ने किया भव्य समारोह का आयोजन

 




कानपुर, 10 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 55वें जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को विश्व हिंदू महासंघ की ओर से फूलबाग स्थित बाल भवन में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और विचार गोष्ठी के माध्यम से योगी आदित्यनाथ के जीवन, कार्यों और सनातन संस्कृति के संरक्षण में उनके योगदान पर चर्चा की गई। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, चिकित्सकों और अन्य गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

विश्व हिंदू महासंघ चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हेमंत मोहन ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश में सुशासन, सुरक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य किया है। उनके नेतृत्व में सनातन संस्कृति के प्रति लोगों का जुड़ाव बढ़ा है और समाज के विभिन्न वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास हुआ है।

विश्व हिंदू महासंघ कानपुर नगर के जिलाध्यक्ष अरुण शर्मा ने कहा कि योगी आदित्यनाथ का जीवन राष्ट्रसेवा, समाजसेवा और सांस्कृतिक जागरण के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस को केवल उत्सव के रूप में नहीं बल्कि युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के प्रति प्रेरित करने के अवसर के रूप में मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान अरुणिमा मोहन ने भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी, जबकि विट्ठल मोहन ने संगीत प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। आध्या दीक्षित ने राधा-कृष्ण स्तुति प्रस्तुत की।

मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने गौ संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में राष्ट्रीय कवि गौरव चौहान ने काव्य पाठ किया। इस अवसर पर मुस्लिम समाज की महिलाओं को रामनाम अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. आरती मोहन, पुष्पा मोहन, प्रिया शर्मा, एस.के. तिवारी, काजल किरण, रागिनी किन्नर, भिखारी प्रजापति, विद्या भूषण तिवारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप