मुख्यमंत्री योगी ने भारत सेवाश्रम में स्थापित मां भगवती की प्रतिमा का दर्शन-पूजन किया

 






गोरखपुर, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार शाम दाउदपुर स्थित भारत सेवाश्रम संघ परिसर में वासंतिक नवरात्र पर स्थापित मां भगवती की प्रतिमा स्थापित का दर्शन किया और विधि विधान से पूजन कर उनकी आराधना की। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सचिंद्रनाथ सान्याल स्मारक का अवलोकन करने साथ ही उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को नमन किया।

भारत सेवाश्रम पहुंचे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले परिसर में बने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सचिंद्रनाथ सान्याल स्मारक का अवलोकन किया और वहां की व्यवस्थाओं व सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस स्मारक का निर्माण मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप स्वतंत्रता संग्राम के इस नायक की गोरखपुर से जुड़ी यादों को जीवंत रखने तथा वर्तमान व भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणा पुंज बनाने के लिए किया गया है। स्मारक हाल का अवलोकन करने के बाद सीएम योगी ने सचिंद्रनाथ सान्याल की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इसके बाद उन्होंने भारत सेवाश्रम संघ परिसर में स्थापित मां आदिशक्ति की प्रतिमा स्थापित का दर्शन-पूजन कर आरती उतारी। मुख्यमंत्री ने परिसर में भारत सेवाश्रम के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद की मूर्ति और योगिराज बाबा गंभीरनाथ के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

उल्लेखनीय है कि स्वामी प्रणवानंद ने नाथपंथ के सिद्ध योगी गंभीरनाथ जी को आजीवन गुरु के समान सम्मान दिया। इस कारण, भारत सेवाश्रम और गोरक्षपीठ का आपस में गहरा जुड़ाव है। इस अवसर पर भारत सेवाश्रम के स्थानीय प्रमुख स्वामी निःश्रेयसानंद, अचिन्त्य लाहिड़ी आदि ने मुख्यमंत्री का भावपूर्ण स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय