निगम बसों की ग्रामीण सेवा के लिए रुट निर्धारित

 


फर्रुखाबाद, 10 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में शुक्रवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गठित समिति की बैठक हुई। जिसमें निगम के बसों की ग्रामीण सेवा के रूट निर्धारित किये गए।

बैठक में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित समिति के समस्त सदस्य एवं आवेदक उपस्थित रहे। बैठक का आयोजन विशेष सचिव (परिवहन), उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ के अनुपालन में किया गया। बैठक के दौरान प्राप्त आवेदनों पर विचार-विमर्श करते हुए आवेदकों से विस्तृत चर्चा की गई तथा जनपद में ग्राम परिवहन सेवा के संचालन हेतु विभिन्न प्रस्तावित मार्गों पर सहमति बनाई गई।

बैठक में जिन प्रमुख मार्गों पर ग्राम परिवहन सेवा संचालन हेतु सहमति बनी, उनमें मुख्य रूप से निम्न मार्ग शामिल हैं—

सिवारा–कम्पिल–कायमगंज–फर्रुखाबाद

इकलहरा–कम्पिल–कायमगंज–फर्रुखाबाद

रौकरी–सिवारा–कम्पिल–कायमगंज–फर्रुखाबाद

रुदायन–कम्पिल–कायमगंज–फर्रुखाबाद

नगला जवाहर–कुतलूपुर–गूजरपुर–अमृतपुर–राजेपुर–फर्रुखाबाद

बिरिया डांडा–शमशाबाद–फर्रुखाबाद

कड़हर–सलेमपुर–चाचूपुर–पांचालघाट–फर्रुखाबाद

दहिलिया–संकिसा–नीवकरोरी–मोहम्मदाबाद–फर्रुखाबाद

खिरिया सींगनपुर–संकिसा–नीवकरोरी–मोहम्मदाबाद–फर्रुखाबाद

कुआंखेड़ा–शमशाबाद–फैजबाग–हथियापुर–फर्रुखाबाद

गदनपुर तूरी–जरारी–रजीपुर–कमालगंज–फर्रुखाबाद

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि चयनित मार्गों पर ग्राम परिवहन सेवा का संचालन नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को सुगम, सुलभ एवं सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों को मुख्य मार्गों एवं नगरों से जोड़ना है, जिससे आवागमन के साथ-साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर शीघ्र ही संचालन प्रारम्भ कराया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar