अक्षय पात्र फाउंडेशन की अत्याधुनिक केंद्रीय रसोई का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन
गोरखपुर, 25 जून (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा स्थापित अत्याधुनिक केंद्रीय रसोई का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इस तरह की पहलें समाज के उज्जवल भविष्य की आधारशिला हैं।
यह केंद्रीय रसोई आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्वच्छ, पौष्टिक एवं संतुलित भोजन तैयार किया जाएगा।
इस रसोई के माध्यम से गोरखपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यालयों में अध्ययनरत लाखों बच्चों को मिड-डे मील योजना के अंतर्गत भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। फाउंडेशन की यह पहल बच्चों में कुपोषण की समस्या को कम करने और शिक्षा के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में अक्षय पात्र फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2019 से गोरखपुर में शुरू हुआ यह अभियान अब और व्यापक रूप ले रहा है। पहले जहां हजारों बच्चों तक भोजन पहुंचता था, वहीं अब इस नई रसोई के माध्यम से यह संख्या लाखों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि “कोई भी बच्चा भूखा न रहे” यह संकल्प तभी साकार होगा जब सरकार और समाज मिलकर ऐसे प्रयास करें।
इस अत्याधुनिक रसोई में भोजन निर्माण की प्रक्रिया पूरी तरह स्वचालित और वैज्ञानिक है। यहां उच्च गुणवत्ता वाले उपकरणों के माध्यम से भोजन तैयार किया जाता है, जिससे स्वच्छता और पोषण दोनों सुनिश्चित होते हैं। साथ ही, सौर ऊर्जा का उपयोग, जल संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन जैसी व्यवस्थाएं इसे पर्यावरण के अनुकूल बनाती हैं।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस रसोई की क्षमता प्रतिदिन लाखों भोजन तैयार करने की है और भविष्य में इसे और विस्तार दिया जाएगा। इसके साथ ही अधिक से अधिक विद्यालयों को इससे जोड़ने की योजना है, ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चों को इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि यह न केवल बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाएगी, बल्कि प्रदेश के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय