वेदनिधि फाउंडेशन ने जरूरतमंदों को बांटे वस्त्र
महोबा, 08 जुलाई (हि.स.)।यूपी के महोबा जनपद में वेदनिधि फाउंडेशन द्वारा जरूरतमंद एवं वंचित परिवारों के लिए वस्त्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 75 लाभार्थियों को वस्त्र वितरित किए गए। साथ ही महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं उद्यमिता से जुड़ने के अवसरों के प्रति जागरूक किया गया है।
बुधवार को कबरई विकास खंड के गांव बरा में आयोजित कार्यक्रम में फाउंडेशन की अध्यक्ष जागृति गुप्ता ने कहा कि वेदनिधि फाउंडेशन बुंदेलखंड में महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा महिलाओं एवं युवतियों के लिए कंप्यूटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टैली तथा सिलाई प्रशिक्षण जैसे कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और रोजगार के नए अवसर प्राप्त कर सकें।
इंटर कॉलेज के सेवानिवृत्त शिक्षक कालका प्रसाद गुप्ता जलज ने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यक्रम समाज के वंचित वर्ग के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और इनसे समाज में सकारात्मक परिवर्तन आता है।कार्यक्रम में मिशन शक्ति की समन्वयक प्रिया गुप्ता ने महिलाओं को सरकार की विभिन्न स्वरोजगार एवं महिला उद्यमिता प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी