स्वच्छता सभी की सामूहिक जिम्मेदारी, स्वच्छ परिसर स्वस्थ जीवन की आधारशिला : डॉ. राघवेंद्र सिंह
कानपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या वर्ग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ परिसर स्वस्थ जीवन के साथ बेहतर पर्यावरण की भी आधारशिला है। यह बातें सोमवार को आईसीएआर-अटारी जोन तीन कानपुर के निदेशक डॉ. राघवेंद्र सिंह ने कही।
भारत सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ के तहत आईसीएआर-अटारी जोन तीन कानपुर की ओर से विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने आसपास के क्षेत्र में लोगों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। निदेशक ने बताया कि 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक चल रहे अभियान के तहत प्रतिदिन स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
अभियान के दौरान संस्थान के वैज्ञानिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ ली। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में पहुंचकर स्थानीय निवासियों और दुकानदारों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। लोगों को कूड़ा इधर-उधर न फेंकने और आसपास का वातावरण साफ रखने के लिए जागरूक किया गया। अभियान में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए नियमित रूप से स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप