नाले में नहाने गया कक्षा छह का छात्र डूबा, मौत
दोस्तों के साथ नहाते समय हुआ लापता, देर शाम बरामद हुआ शव
औरैया, 29 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में ऐरवा कटरा थाना क्षेत्र के नगरिया राजाराम गांव में मंगलवार दोपहर दोस्तों के साथ नाले में नहाने गया कक्षा छह का 12 वर्षीय छात्र डूब गया। छात्र के अचानक लापता होने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पीआरबी, थाना पुलिस और फायरकर्मियों ने नाले में तलाश अभियान चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद देर शाम छात्र का शव बरामद किया जा सका। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
नगरिया राजाराम निवासी सोनू का 12 वर्षीय पुत्र हरीसिंह गांव नगला वाले स्थित सरकारी विद्यालय में कक्षा छह में पढ़ता था। परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह हरीसिंह विद्यालय गया था। छुट्टी के बाद घर लौटकर उसने भोजन किया। इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ नगला वाले स्थित नाले में नहाने चला गया। नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया।
हरीसिंह के साथ मौजूद दोस्तों ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी। ग्रामीणों ने नाले और आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक छात्र की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। कुछ ही देर में परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पीआरबी, ऐरवा कटरा थाना पुलिस और फायरकर्मी भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस और फायरकर्मियों ने नाले में उतरकर छात्र की तलाश शुरू की। ग्रामीण भी अभियान में जुटे रहे। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम छात्र का शव नाले से बरामद कर लिया गया।
हरीसिंह के बाबा करतार सिंह ने बताया कि परिवार में हरीसिंह के अलावा उसका छोटा भाई नारायण (10) और बहन परी (5) हैं। छात्र के पिता सोनू सोमवार को व्यापार के सिलसिले में पंजाब गए हैं। वह गांव-गांव घूमकर हींग, रंग और श्रृंगार का सामान बेचते हैं। बेटे के नाले में लापता होने की सूचना पिता को भी दे दी गई थी।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां किरन देवी और दादी चंद्रा देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम छा गया। बिधूना सीओ पुनीत मिश्रा ने बताया कि छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार