छेड़खानी की जांच करने पहुंची पुलिस और घर वालों के बीच मारपीट, रिपोर्ट दर्ज

 


सुलतानपुर, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के धम्मौर थाना क्षेत्र मे छेड़खानी के आरोप पर युवक के ननिहाल पहुंची पुलिस टीम और घर वालों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस पर बिना वारंट, केस दर्ज किए बिना और महिला सिपाहियों के बगैर घर में घुसकर तांडव मचाने का आरोप है। वही पुलिस ने भी परिवार वालों पर वर्दी फाड़ने, मारपीट करने और मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। इस मामले में उप निरीक्षक की तहरीर पर आठ नामजद व पांच अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पूरी घटना को लेकर कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।

एक गांव की रहने वाली युवती ने धम्मौर थाना अंतर्गत उधनपुर निवासी अंकित यादव पर छेड़छाड़ और भगाने के लिए बाध्य करने का आरोप लगाते हुए शनिवार शाम थाने पर तहरीर दी थी। अंकित की नानी का शुक्रवार को देहांत हुआ था और वह अंतिम क्रिया में शामिल होने यहां पहुंचा था।

आरोप है कि शनिवार रात्रि जब अंकित के ननिहाल में कार्यक्रम के बाद सभी खाना खा रहे थे तभी लगभग पौने दस बजे पुलिस ने पीछे के रास्ते से घर में घुस कर तांडव मचाया। जहां भोजन बिखेर दिया गया, सामान तोड़े और पुलिस की पिटाई में महिला शालू यादव का हाथ टूट गया। अंकित के परिवार का आरोप है कि पुलिस बिना महिला सिपाही और वारंट के पहुंची थी। यह भी बताया जा रहा है कि जिस लड़की ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है, अंकित ने उसके साथ कोर्ट मैरिज कर रखा है और अब वह गलत आरोप लगा रही है।

उधर, इस मामले में पुलिस ने बताया कि 28 मार्च को रात करीब 8 बजे घटना हुई। धम्मौर थाने में 21 वर्षीय एक युवती ने अंकित यादव पुत्र अनिल कुमार यादव निवासी उधनपुर के खिलाफ छेड़खानी, गाली देने और भगाने के लिए मजबूर करने की शिकायत दर्ज कराई थी। अंकित यादव अपने नाना जगन्नाथ यादव के घर पर था, जो युवती के गांव में ही है।

शिकायत की जांच के लिए उप निरीक्षक राजकुमार सिंह, कांस्टेबल संजय यादव और कांस्टेबल अंकुश की टीम अंकित यादव के घर पहुंची। पुलिस टीम जब पूछताछ कर रही थी, तभी अंकित यादव और उसके परिजन सूरज यादव, राजनारायण यादव, श्यामलली यादव, शिवलली यादव, रामलली, बिट्टू यादव, पूजा यादव और चार-पांच अज्ञात व्यक्तियों ने एकजुट होकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

हमलावरों ने पुलिसकर्मियों को गाली दी, लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कांस्टेबल संजय यादव की वर्दी फाड़ दी। महिलाओं ने कांस्टेबल संजय यादव और कांस्टेबल अंकुश चौधरी के मोबाइल फोन भी छीन लिए। गांववालों के बीच-बचाव करने पर बाद में मोबाइल फोन वापस कर दिए गए। इस मारपीट में कांस्टेबल अंकुश और कांस्टेबल संजय यादव को चोटें आई हैं। उप निरीक्षक राजकुमार सिंह ने घटना की प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज की गई है। सीओ सिटी सौरभ सामंत ने रविवार को बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त