शहर के विकास को मिलेगी नई गति, जिम्मेदारी से निभाएं दायित्व: योगेंद्र उपाध्याय

 


कानपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम में नामित पार्षदों के माध्यम से शहर के विकास कार्यों को और गति मिलेगी, जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी निर्णय लिए जाएंगे। सभी पार्षदों से अपेक्षा है कि वे जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। शहर की बेहतरी के लिए मिलकर कार्य करना प्राथमिकता होगी। यह बातें शनिवार को प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कही।

नगर निगम में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नामित 10 पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह प्रमिला सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय एवं महापौर ने सभी नामित पार्षदों को शपथ दिलाई।

शपथ लेने वाले पार्षदों में सरदार नीतू सिंह, राजेश श्रीवास्तव, दिनेश बाबा सविता, विजय सेंगर, रमेश बाल्मीकि, विजय पटेल (विनय), आदित्य शुक्ला, कमला साहू, निधि बाजपेयी और सुभाष गौड़ शामिल रहे।

समारोह में जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, विधायक महेश त्रिवेदी, पूर्व विधायक रघुनन्दन भदौरिया सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, प्रथम सचिव नगर निगम एवं अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी नामित पार्षदों ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप