छावनी में 18 वर्षों से हो रहा बुढ़वा मंगल का आयोजन, परंपरा को आगे बढ़ा रहा समाज : रघुनंदन सिंह भदौरिया

 


कानपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। बुढ़वा मंगल पर धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को एकजुट होने और परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है। छावनी स्थित बाजा लाइन में पिछले 18 वर्षों से बुढ़वा मंगल पर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हर वर्ष श्रद्धालु उत्साह के साथ शामिल होते हैं। यह बातें मंगलवार को पूर्व भाजपा विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया ने कही।

गणेश महोत्सव के बीच आज बुढ़वा मंगल पर पूरे शहर का माहौल भक्तिमय नजर आया। जगह-जगह सजे गणेश पंडालों में सुबह से पूजन-अर्चन और भजन-कीर्तन का दौर चला। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आर्य नगर में बुधवारी समाज की ओर से भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

वहीं छावनी स्थित बाजा लाइन में कन्या पूजन के बाद भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया भी कार्यक्रम में पहुंचे और आयोजन में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि 18 वर्षों से लगातार होने वाला यह आयोजन लोगों की आस्था और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक है।

समाचार पत्र विक्रेता समाज की ओर से भी हर वर्ष की तरह बुढ़वा मंगल पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। महामंत्री राजकुमार पांडे ने बताया कि समाज की ओर से इस आयोजन को हर वर्ष हर्षोल्लास के साथ किया जाता है। कार्यक्रम में समाज के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में देर शाम तक भजन-कीर्तन और भंडारों का सिलसिला चलता रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप