बाल देखरेख संस्थाओं के बच्चों को प्रतिभा प्रदर्शन का मंच दे रहा 'तरंग फेस्ट'

 


लखनऊ, 28 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश में बाल संरक्षण के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास, प्रतिभा संवर्धन और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों के क्रम में महिला कल्याण विभाग द्वारा आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय 'तरंग फेस्ट' बच्चों की रचनात्मकता और उपलब्धियों को मंच दे रहा है। महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को लखनऊ के कानपुर रोड स्थित इंडिया लिटरेसी बोर्ड परिसर में चित्रकला, पेंटिंग, रंगोली, खेल-कूद, संगीत, नृत्य, नाटक और निबंध सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रदेश के विभिन्न जनपदों की बाल देखरेख संस्थाओं से आए बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

द्वितीय दिवस के कार्यक्रमों का शुभारंभ निदेशक महिला कल्याण सी. इन्दुमती ने किया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी रुचियों, उपलब्धियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली तथा उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान कानपुर की एक बालिका ने अपनी प्रकाशित पुस्तक और लेखन कार्य के बारे में बताया। आफ्टर केयर होम, लखनऊ के एक बालक ने अंतर-विद्यालयी तथा राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में हासिल की गई उपलब्धियां साझा कीं। वहीं, बाल गृह, वाराणसी के दो बालकों ने अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में प्रतिभाग करने के अनुभव बताए। बच्चों ने पुलिस, चिकित्सा, वायु सेना और पायलट सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने की इच्छा भी व्यक्त की।

जिला स्तर के विजेताओं को मिला राज्य स्तरीय मंच

उल्लेखनीय है कि तरंग महोत्सव के प्रथम चरण में जनपद स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इनमें विजेता रहे बच्चे अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे हैं। शनिवार को विभिन्न आयु वर्गों के बीच खेल-कूद, संगीत, नृत्य, नाटक, रंगोली, निबंध और चित्रकला की प्रतियोगिताएं हुईं। विजेताओं को 30 नवंबर को आयोजित समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।

बच्चों के साथ-साथ बाल देखरेख संस्थाओं में बेहतर वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से 'सर्वश्रेष्ठ बाल देखरेख संस्था', 'सर्वश्रेष्ठ गार्डन', 'सर्वश्रेष्ठ कुक' और 'सर्वश्रेष्ठ सफाईकर्मी' श्रेणियों में भी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनके माध्यम से संस्थाओं में स्वच्छता, सुरक्षा, हरियाली, पर्यावरण संरक्षण और बच्चों के पोषण में योगदान देने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

तीसरे दिन चिड़ियाघर और विज्ञान केंद्र का शैक्षिक भ्रमण

निदेशालय महिला कल्याण के अनुसार, रविवार 29 नवंबर को महोत्सव के तीसरे दिन बच्चों को नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान (लखनऊ चिड़ियाघर) और आंचलिक विज्ञान केंद्र का शैक्षिक भ्रमण कराया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों को वन्यजीवों, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण और विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना है। भ्रमण के बाद शाम को इंडिया लिटरेसी बोर्ड परिसर में बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष मैजिक शो आयोजित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय