बाल विवाह के खिलाफ छात्र-छात्राओं ने ली शपथ, जागरूकता का दिया संदेश

 


औरैया, 26 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए गुरुवार को ग्राम पंचायत नगला जयसिंह स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय/पीएम कंपोजिट विद्यालय में बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर बाल विवाह न करने की शपथ दिलाई गई।

शासन की मंशानुरूप जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी के नेतृत्व एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी अशोक कुमार के मार्गदर्शन में महिला कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को बताया गया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत 18 वर्ष से कम आयु की लड़की और 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। ऐसा विवाह करना, करवाना या उसमें सहयोग करना दंडनीय अपराध है। इसके लिए दो वर्ष तक के कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।

कार्यक्रम में बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शारीरिक और शैक्षिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया गया। वक्ताओं ने बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि बच्चों का सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को शपथ दिलाई गई कि वे न तो स्वयं बाल विवाह करेंगे और न ही अपने आसपास ऐसा होने देंगे। महिला कल्याण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्य रजनी पाण्डेय, महिला कल्याण विभाग से डीएमसी सपना राठौर, परामर्शदाता स्मृति सिंह, मल्टीपरपज अनूप कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार