ट्रैक्टर की चपेट में मासूम की मौत, ग्रामीणों ने प्रर्दशन कर डीएम से की शिकायत

 




बेतवा नदी में अवैध मौरंग खनन का आरोप

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

हमीरपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बेतवा नदी में कथित अवैध मौरंग खनन और तेज रफ्तार ट्रैक्टरों की आवाजाही अब ग्रामीणों की जान पर भारी पड़ने लगी है। पारा ओझी और सिड़रा गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को अवैध खनन में पुलिस की कथित मिलीभगत का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को सामूहिक शिकायती पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का आक्रोश ट्रैक्टर की चपेट में आकर आठ वर्षीय मासूम की मौत के बाद फूट पड़ा।

कोतवाली क्षेत्र के पारा औझी गांव निवासी संजय अनुरागी का दस वर्षीय पुत्र अर्पित को कुछेछा के पास मौरंग से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने रौंद डाला जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। परिजनों ने बुधवार को यहां जिलाधिकारी से अवैध खनन और परिवहन में दिन रात सड़कों पर दौड़ रही ट्रैक्टर ट्रालियों पर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों के साथ आए परिजनों ने बताया कि पारा ओझी और सिड़रा के पास बेतवा नदी में रात-दिन अवैध मौरंग खनन हो रहा है। बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड ट्रैक्टर तेज रफ्तार से गांव के रास्तों पर दौड़ते हैं। आरोप है कि चालक नशे में वाहन चलाते हैं, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। शिकायती पत्र के अनुसार पारा ओझी में बिना नंबर प्लेट का मौरंग लदा ट्रैक्टर संजय के दस वर्षीय पुत्र अर्पित को कुचलता हुआ निकल गया, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने अवैध खनन पर रोक लगाने, ट्रैक्टरों का गांवों से आवागमन बंद कराने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इधर कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि हादसे के बाद मौके से फरार चालक की तलाश कराई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा