ट्रैक्टर चलित आटा चक्की फटने से मासूम की मौत, चार घायल

 






हमीरपुर, 19 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे कुरारा थाना क्षेत्र के लहरा गांव के मजरे में शुक्रवार को ट्रैक्टर में लगी मोबाइल आटा चक्की का पत्थर अचानक फट गया, जिसकी चपेट में आने से एक 10 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना कुरारा थाना क्षेत्र के गुजौरा गांव का है।

जानकारी के अनुसार, लहरा गांव निवासी बाल किशोर सोनी ट्रैक्टर में लगी मोबाइल आटा चक्की के जरिए गांव-गांव जाकर लोगों का अनाज पीसने का काम करता है। शुक्रवार को वह गुजौरा गांव में आटा पीस रहा था। इसी दौरान चक्की का पत्थर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया और उसके टुकड़े आसपास खड़े लोगों पर जा गिरे। हादसे में 10 वर्षीय अंश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चक्की संचालक बाल किशोर सोनी, कामता, अमित कुमार और माहेश्वरी दीन घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मासूम अंश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

चाचा लाखन ने आरोप लगाया कि चक्की संचालक बाल किशोर सोनी नई चक्की लेकर आया था और अनुभव की कमी के कारण लापरवाही से उसका संचालन कर रहा था। इसी लापरवाही के चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ। उन्होंने जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी प्रिंस दीक्षित ने शाम को बताया कि सूचना प्राप्त होते ही थाना कुरारा पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। मौके पर जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि ग्राम गुजौरा निवासी लाखन ने अपने घर पर अनाज पिसाई हेतु ट्रैक्टर से संचालित आटा चक्की मशीन मंगाई थी। पिसाई के दौरान अचानक चक्की मशीन फट गई, जिससे लाखन का भतीजा अंश उर्फ भोले पुत्र देवराज (10) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार हेतु सीएचसी कदौरा (जनपद जालौन) ले जाया गया, जहाँ उसकी मृत्यु हो गई। घटना में चक्की मालिक कामता साहू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर उपचार हेतु कानपुर रेफर किया गया है। इसके अतिरिक्त मनोहर, वीरभद्र एवं ट्रैक्टर मालिक बाल किशन पुत्र शंकर सोनी को सामान्य चोटें आई हैं, जिनका उपचार सीएचसी कदौरा में चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा