मुख्यमंत्री योगी 7.10 अरब की 229 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
बांदा, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 09 जुलाई को प्रस्तावित बांदा दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। पूरे कार्यक्रम को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा, जिसमें तीन हजार से अधिक पुलिसकर्मी, एनएसजी व अन्य कमांडो टीम, पैरामिलिट्री फोर्स तथा पीएसी की दो कंपनियां तैनात रहेंगी। सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी होगी कि बिना अनुमति कोई भी व्यक्ति कार्यक्रम स्थल के आसपास नहीं पहुंच सकेगा।
मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम पंडित जेएन डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित होगा, जहां वह करीब एक घंटे तक रहेंगे। इस दौरान 30 मिनट तक जनसभा को संबोधित करेंगे और सदर व बबेरू विधानसभा क्षेत्रों की 7.10 अरब रुपये की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री सुबह 10.50 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां ट्रांजिट हॉस्टल का निरीक्षण करने के साथ हरिशंकरी (पीपल, बरगद एवं अशोक) के पौधे लगाएंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे विशेष वाहन से जेएन डिग्री कॉलेज पहुंचेंगे। स्वागत के उपरांत जनप्रतिनिधियों का संबोधन होगा, फिर जनपद के विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म दिखाई जाएगी। 11.20 बजे मुख्यमंत्री विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे, जबकि 11.25 बजे से 12 बजे तक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके पहले शहर के कालू कुआं चौराहे में वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह पुलिस लाइन पहुंचकर हेलीकॉप्टर से लखनऊ रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री सदर विधानसभा क्षेत्र में 596.62 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसमें 171.10 करोड़ रुपये की लागत वाले 45 कार्यों का लोकार्पण तथा 425.52 करोड़ रुपये की लागत वाले 85 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। वहीं बबेरू विधानसभा क्षेत्र में 62.54 करोड़ रुपये की लागत वाली 64 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 47.85 करोड़ रुपये की लागत वाले 80 विकास कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला पुलिस के अलावा महोबा, कानपुर सहित प्रयागराज जोन के विभिन्न जनपदों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की कमान बांदा के एक अपर पुलिस अधीक्षक के साथ दो अन्य जिलों के एएसपी संभालेंगे। कार्यक्रम स्थल से लेकर पुलिस लाइन, कालूकुआं और पूरे वीवीआईपी रूट पर कड़ी निगरानी रहेगी। यातायात, बिजली, साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाने का कार्य भी युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।
इस बारे में जानकारी देते हुए एडीएम माया शंकर यादव ने बताया कि जिलाधिकारी अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल स्वयं तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की चूक न हो और कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह