मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 04 को आएंगे भदोही, कारपेट एक्सपो का करेंगे उद्घाटन
भदोही, 03 अक्टूबर (हि.स.)। कालीन नगरी भदोही में रविवार, 4 अक्टूबर रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
करीब साढ़े चार घंटे के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 50 वें अंतरराष्ट्रीय इंडिया कारपेट एक्सपो का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होकर जनसभा को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 12:30 बजे लखनऊ स्थित 5 कालिदास मार्ग से कार द्वारा रवाना होंगे। करीब 12:40 बजे ला मार्टिनियर कॉलेज ग्राउंड स्थित हेलीपैड से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा भदोही के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 1:40 बजे भिकारीपुर, अभयनपुर स्थित हेलीपैड पर उनका आगमन प्रस्तावित है।
हेलीपैड से मुख्यमंत्री कार द्वारा भदोही कार्पेट सिटी स्थित कार्पेट एक्सपो-मार्ट पहुंचेंगे। यहां दोपहर 1:45 से 2:45 बजे तक 50वें अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान कालीन उद्योग और निर्यात से जुड़े लोगों की मौजूदगी में एक्सपो का औपचारिक शुभारंभ होगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री 2:55 बजे भिखारीपुर, अभयनपुर स्थित जनसभा स्थल पहुंचेंगे। यहां दोपहर 3 से 4 बजे तक विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री शाम 4 बजे जनसभा स्थल से हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और करीब 4:05 बजे भिकारीपुर हेलीपैड से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। शाम 5:05 बजे ला मार्टिनियर कॉलेज ग्राउंड, लखनऊ पहुंचने के बाद 5:10 बजे 5 कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए भदोही में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। कार्यक्रम विवरण के अनुसार मुख्यमंत्री को जेड प्लस सुरक्षा श्रेणी प्राप्त है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सुरक्षाकर्मियों और एनएसजी कमांडो की तैनाती कार्यक्रम से एक दिन पूर्व किए जाने की व्यवस्था है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल, जनसभा स्थल और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को भदोही के कालीन उद्योग और जिले में विकास परियोजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की नजरें रविवार को होने वाले कारपेट एक्सपो के उद्घाटन और मुख्यमंत्री की जनसभा पर टिकी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभुनाथ शुक्ल