कानपुर में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों की संख्या बढ़कर हुई 35,175

 


-योगी सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना-छह श्रेणियों में लाभार्थी बेटियों को दी जाती है 25 हजार रूपये की आर्थिक मदद

कानपुर, 25 जून (हि.स.)। योगी सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के लागू होने के बाद से अभी तक कानपुर में 35,175 बालिकाओं को योजना में शामिल करते हुए उन्हें लाभान्वित किया गया है। योगी सरकार ने योजना के सम्बन्ध में सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र लाभार्थियों का चिह्नांकन करने और उन्हें योजना का लाभ दिलाने का कार्य निरंतर अभियान के रूप में संचालित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजना से लाभान्वित किया जा सके।

मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत लाभार्थी बालिका को छह श्रेणियों में 25 हजार रूपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाती है। बालिका के जन्म पर 5000, एक साल तक के पूर्ण टीकाकरण पर 2000, कक्षा एक में प्रवेश पर 3000, कक्षा छह में प्रवेश पर 3000, कक्षा नौ में प्रवेश पर 5000 और 10वीं या 12 वीं पास करके स्नातक या दो वर्षीय या अधिक अवधि के डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश लेने पर 7000 रुपये प्रदान किया जाता है। आवेदक उत्तर प्रदेश का निवासी हो और परिवार की आय तीन लाख रुपये से कम हो। एक परिवार की अधिकतम दो बालिकाओं को योजना का लाभ दिया जा सकता है। लाभार्थी परिवार में अधिकतम दो बच्चे होने चाहिए। योजना के अंतर्गत छह श्रेणियों में से किसी भी स्तर पर पात्र लाभार्थी बालिका की ओर से आवेदन किया जा सकता है।

कानपुर के जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास कुमार ने गुरुवार को बताया कि जिले में अभी तक 35,175 लाभार्थियों को इस योजना से लाभान्वित किया गया है। लड़कियों के सशक्तिकरण, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस योजना को क्रियान्वित किया जा रहा है। बच्चियों के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक छह श्रेणियों में कुल 25,000 रूपये की धनराशि प्रदान की जाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप