जौनपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया छठ पर्व, व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य

 






जौनपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में लोक आस्था का महापर्व छठ रविवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पर्व के तीसरे दिन शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पारंपरिक गीतों और छठी मइया के जयकारों के बीच व्रती महिलाएं सिर पर पूजा सामग्री से सजे दउरा लेकर घाटों पर पहुंचीं।

नगर के प्रमुख गोपी घाट, अचला घाट, बीबीपुर घाट और बेलाव घाट सहित विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। शाम होते ही घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि तथा संतान की दीर्घायु की कामना की। इस दौरान घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों की गूंज सुनाई देती रही।

अर्घ्य देने के लिए महिलाओं ने सूप और डलिया में विभिन्न प्रकार के फल, गन्ना, नारियल, केला, अमरूद, अनानास, संतरा, सुथनी, साठी के चावल का चिउड़ा और पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ सजाया था। विधि-विधान से सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद सुहाग और परिवार की मंगलकामना के साथ पूजा-अर्चना की गई।

छठ पर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई थी। इस दिन व्रती महिलाओं ने लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल ग्रहण किया। शनिवार को खरना के अवसर पर गुड़ और गाय के दूध से बनी खीर तथा साठी के चावल का प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत हुई।

अब सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती महिलाएं व्रत का पारण करेंगी। पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से प्रमुख घाटों पर सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मान्यता है कि छठ व्रत में भगवान सूर्य और छठी मइया की उपासना करने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है तथा संतान की दीर्घायु और खुशहाली का आशीर्वाद मिलता है। श्रद्धालु धरती माता ने बताया कि वे अपने पुत्रों की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए छठी मइया और सूर्यदेव की पूजा करती हैं। मान्यता है कि सच्चे मन से की गई कामना छठी मइया अवश्य पूरी करती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव