बच्चों की सोच और एकाग्रता को मजबूत करने का बेहतर माध्यम है शतरंज : अभय त्रिपाठी
कानपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। चेस (शतरंज) बच्चों में सोचने, निर्णय लेने और एकाग्रता बढ़ाने की क्षमता विकसित करता है। ऐसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच मिलता है। यह बातें रविवार को सिविल लाइंस स्थित सेडलिंग एकेडमी में आयोजित रैपिड चेस प्रतियोगिता के दौरान नेशनल चेस खिलाड़ी अभय त्रिपाठी ने कहीं।
बच्चों में चेस के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें प्रतियोगी माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नेशनल चेस खिलाड़ी अभय त्रिपाठी की ओर से रैपिड चेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से आए 41 बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने अपनी रणनीति, एकाग्रता और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
आयोजक अभय त्रिपाठी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के लिए कुल 9,200 रुपये तक के पुरस्कार रखे गए हैं। विजेताओं को ट्रॉफी, नगद पुरस्कार और रिफ्रेशमेंट के साथ अन्य आकर्षक उपहार भी दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को 1,000 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 800 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में केवल विजेताओं को ही नहीं, बल्कि अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न उपहार दिए जाएंगे। इसका उद्देश्य बच्चों में प्रतियोगिता के प्रति सकारात्मक भावना विकसित करना और उन्हें लगातार चेस खेलने के लिए प्रेरित करना है।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले में धैर्य और रणनीति का परिचय दिया। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी बच्चों को चेस के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती रहेंगी।
कार्यक्रम में अर्चना त्रिपाठी, कोच कार्तिकेय त्रिपाठी, एंकर सुशील गोस्वामी, शिवांश त्रिपाठी, अमित सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप