खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, कोल्ड स्टोरेज, स्वच्छता और वैधता अवधि की जांच, 6 स्टोर्स का लाइसेंस निलंबित कर कारोबार बंद कराया
‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत यूपीएफएसडीए ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और डार्क स्टोर्स पर की बड़ी कार्रवाई, 218 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
लखनऊ, कानपुर, गाजियाबाद, आगरा और नोएडा समेत विभिन्न जनपदों में खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष जांच
154 सुधार नोटिस जारी, 11 खाद्य नमूने संग्रहित और दो स्टोर्स में फ्रोजन मीट व मीट उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध
लखनऊ, 27 अक्टूबर। प्रदेश में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए घरों तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता और सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार ने खाद्य सुरक्षा निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, वेयरहाउस और डार्क स्टोर्स पर प्रदेशव्यापी विशेष निरीक्षण अभियान चलाकर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की व्यापक पड़ताल की। ब्लिंकिट, जेप्टो, अमेजन, रिलायंस और मेट्रो सहित विभिन्न प्लेटफॉर्म से जुड़े प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, स्वच्छता, तापमान नियंत्रण, कोल्ड स्टोरेज, वैधता अवधि, लेबलिंग और लाइसेंस संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 218 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अनियमितताओं पर कार्रवाई की गई। मानकों में कमियां मिलने पर 154 सुधार नोटिस जारी किए गए, 6 स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित कर सुधार होने तक कारोबार बंद कराया गया और जांच के लिए 11 खाद्य नमूने संग्रहित किए गए। इसके अलावा दो स्टोर्स में फ्रोजन मीट एवं मीट उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाई गई, जबकि आगरा में लेबल संबंधी अनियमितताओं के चलते मखाने के 273 पैकेट, जिनका अनुमानित मूल्य 68 हजार रुपये है, सीज किए गए।
गाजियाबाद: जेप्टो वेयरहाउस में गंदगी और कॉकरोच मिलने पर कार्रवाई
गाजियाबाद में आरडीएल के निकट स्थित जेप्टो वेयरहाउस के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई में गंभीर कमियां सामने आईं। परिसर में अत्यधिक गंदगी, दीवारों पर जाले, क्षतिग्रस्त फर्श और कॉकरोच पाए गए। खाद्य पदार्थों के भंडारण स्थल पर इस प्रकार की स्थितियां खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों के अनुरूप नहीं हैं। विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रतिष्ठान के लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई की।
कानपुर नगर: भंडारण व्यवस्था और बेस्ट बिफोर नियमों के उल्लंघन पर सख्ती
कानपुर नगर में रिलायंस मार्ट, मेट्रो और जेप्टो स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। इस दौरान लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप नियंत्रित वातावरण और कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था में कमियां पाई गईं। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों के भंडारण और लेबलिंग से जुड़े प्रावधानों की जांच में भी अनियमितताएं सामने आईं। कुछ खाद्य उत्पादों पर बेस्ट बिफोर संबंधी निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया गया। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को नियमों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए सुधार होने तक कारोबार बंद कराने की कार्रवाई की। इस कार्रवाई का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ऑनलाइन ऑर्डर के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थ निर्धारित परिस्थितियों में सुरक्षित रखे जाएं और उनकी गुणवत्ता से समझौता न हो।
आगरा: 273 पैकेट सीज, 68 हजार रुपये का अनुमानित मूल्य
आगरा में रिलायंस स्टोर के निरीक्षण के दौरान राय लाइज ब्रांड के मखाने के 273 पैकेटों में लेबल संबंधी अनियमितताएं पाई गईं। विभाग ने इन पैकेटों को सीज कर दिया। जब्त खाद्य पदार्थों का अनुमानित मूल्य लगभग 68,000 रुपये बताया गया है। संबंधित प्रतिष्ठान को आवश्यक सुधार करने के लिए नोटिस भी जारी किया गया। इस कार्रवाई के माध्यम से विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य उत्पादों की बिक्री में लेबलिंग और नियामकीय प्रावधानों का पालन आवश्यक है। ऑनलाइन या ऑफलाइन, किसी भी माध्यम से खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले कारोबारियों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा।
लखनऊ: गंदगी, कीट और दवाओं के साथ खाद्य पदार्थों का भंडारण
लखनऊ में चिनहट स्थित जेप्टो स्टोर के निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। स्टोर में गंदगी, कीटों की मौजूदगी, जंग और फफूंदयुक्त रैक पाए गए। इसके अलावा खाद्य पदार्थों को दवाओं एवं न्यूट्रास्यूटिकल्स के साथ रखा जा रहा था। भंडारण की इस व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने संबंधित स्टोर का लाइसेंस निलंबित कर सुधार होने तक कारोबार बंद करा दिया। वहीं, चिरैयाबाग स्थित जेप्टो और हुसैनाबाद स्थित ब्लिंकिट स्टोर में लाइसेंस पर आवश्यक अनुमोदन के बिना मीट एवं मीट उत्पादों की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों में ऐसी बिक्री तत्काल बंद करा दी।
नोएडा: खराब रैक और गंदे कोल्ड रूम में रखे खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक
गौतमबुद्धनगर के वाजिदपुर, सेक्टर-135 स्थित जेप्टो स्टोर के निरीक्षण में जंग और फफूंदयुक्त रैक, क्षतिग्रस्त एवं गंदे कोल्ड रूम तथा फर्श पर बिखरे खाद्य पदार्थ पाए गए। खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण के लिहाज से इन कमियों को गंभीर माना गया। विभाग ने आवश्यक सुधार होने तक संबंधित कोल्ड रूम में खाद्य कारोबार बंद करा दिया और वहां रखे खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगा दी। इस कार्रवाई के जरिए कोल्ड चेन और भंडारण की स्वच्छता को खाद्य सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाते हुए निर्धारित मानकों के अनुपालन पर जोर दिया गया।
ऑनलाइन खाद्य आपूर्ति में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत की गई यह कार्रवाई इस बात पर केंद्रित है कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और डार्क स्टोर्स के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थ गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण के निर्धारित मानकों पर खरे उतरें। ऑनलाइन ऑर्डर की बढ़ती लोकप्रियता के बीच वेयरहाउस और डार्क स्टोर्स में तापमान नियंत्रण, कोल्ड स्टोरेज, कीट नियंत्रण, साफ-सफाई, लेबलिंग और वैधता अवधि की निगरानी महत्वपूर्ण हो गई है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन का उद्देश्य केवल अनियमितताओं की पहचान करना ही नहीं, बल्कि संबंधित कारोबारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुधारने के लिए बाध्य करना भी है। गंभीर कमियां पाए जाने पर लाइसेंस निलंबन, कारोबार बंद कराने, खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक और उत्पादों को सीज करने जैसी कार्रवाई की जा रही है