सड़क हादसे में सीएचसी के सहायक शाेध अधिकारी की मौत

 


जौनपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर के रामपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसे में बरसठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात असिस्टेंट रिसर्च ऑफिसर दीपक कुमार सरोज (27) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से स्वास्थ्य विभाग और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

दीपक कुमार सरोज मूल रूप से वाजिदपुर गांव के निवासी थे। शनिवार को वह बाइक से किसी कार्य से जा रहे थे। गहरौल गांव के पास सड़क पार कर रहे एक सांप को बचाने के प्रयास में उन्होंने बाइक का संतुलन खो दिया। इसी दौरान सड़क निर्माण कार्य के लिए बिखरी गिट्टियों और पत्थरों पर बाइक फिसल गई। वह सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन अत्यधिक चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव