चढ़ावा चोरी मामले की जांच सीबीआई से हो:चंद्रशेखर आज़ाद

 


रायबरेली,07जुलाई(हि.स.)।आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। उन्हाेंने कहा कि इसकी निगरानी उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश द्वारा होनी चाहिए, जिससे निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।

रायबरेली के सलोन थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दलित युवक के परिजनों से मिलने पहुंचे चंद्रशेखर आज़ाद ने मीडिया से बातचीत में ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि यह केवल चोरी का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है।

उन्होंने एसआइटी जांच पर भरोसा न जताते हुए कहा कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए सीबीआई जांच आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर चुनावी राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे