चंद्रशेखर आजाद के आदर्श युवाओं के लिए हैं प्रेरणास्रोत : डॉ. संजीव गुप्ता
कानपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। चंद्रशेखर आजाद जैसे महान क्रांतिकारियों के बलिदान की बदौलत देश सुरक्षित और स्वतंत्र है। यह बातें गुरुवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की 120वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में गुरुवार को स्वतंत्रता संग्राम के महानायक एवं अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की 120वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके जीवन व बलिदान को स्मरण किया।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय का नाम देश के ऐसे महान सपूत के नाम पर होना पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने कम उम्र में ही अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का रास्ता चुना और अपना संपूर्ण जीवन मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए समर्पित कर दिया। उनका साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि आजाद ने अपने जीवन के अंतिम क्षण तक अंग्रेजों के सामने आत्मसमर्पण नहीं किया और अपने संकल्प के अनुरूप आजाद ही रहे। उनके आदर्श देशभक्ति, आत्मसम्मान और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों ने भी महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप