वरिष्ठ लिपिक चंद्र भूषण सिंह बने निरीक्षक, एसएसपी ने कंधे पर लगाया स्टार
गोरखपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। शासन की ओर से पदोन्नति मिलने के बाद गोरखपुर पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ लिपिक के रूप में कार्यरत उप निरीक्षक (लिपिक) चंद्र भूषण सिंह को निरीक्षक (लिपिक) के पद पर पदोन्नति मिली है। पदोन्नति के उपलक्ष्य में गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पिपिंग सेरेमनी आयोजित कर उनके कंधे पर निरीक्षक पद का स्टार लगाया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
चंद्र भूषण सिंह वर्तमान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में वरिष्ठ लिपिक के दायित्व का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन कर रहे हैं। विभागीय कार्यों में उनकी जिम्मेदारी, कार्यकुशलता और अनुशासित कार्यशैली के चलते पदोन्नति को लेकर पुलिस कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी का माहौल रहा। पदोन्नति के बाद उनके कंधे पर निरीक्षक पद का स्टार सजने का क्षण उनके लिए गौरवपूर्ण रहा।
पिपिंग सेरेमनी के दौरान एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि चंद्र भूषण सिंह नई जिम्मेदारी का निर्वहन भी उसी ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ करेंगे, जिस तरह वह वर्तमान में अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश धुनावत समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने चंद्र भूषण सिंह को पदोन्नति की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पदोन्नति के बाद निरीक्षक (लिपिक) के रूप में चंद्र भूषण सिंह की विभागीय जिम्मेदारी और बढ़ गई है। पुलिस कार्यालय में लंबे समय से महत्वपूर्ण दायित्व संभाल रहे चंद्र भूषण सिंह के पदोन्नत होने पर साथी कर्मचारियों ने प्रसन्नता जताई और उम्मीद व्यक्त की कि वह नई जिम्मेदारी को भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय