त्योहारों पर ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर चलेगी चंडीगढ़-बरौनी-चंडीगढ़ आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन
मुरादाबाद, 10 नवम्बर (हि.स.)। त्योहारों पर ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर चंडीगढ़-बरौनी-चंडीगढ़ आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन (04538/04537) का संचालन किया जा रहा है। ट्रेन संख्या 04538 मंगलवार को चंडीगढ़ से और ट्रेन (04537) 12 नवंबर को बरौनी से चलेगी। दोनों ट्रेनें एक-एक फेरा लगाएंगी।
उत्तर रेलवे की मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि ट्रेन (04538) चंडीगढ़ से आज 10 बजे चलेगी, जो अंबाला कैंट यमुनानगर जगाधरी सहारनपुर होते हुए बुधवार सुबह 6:10 पर मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। 10 मिनट ठहराव के बाद सुबह 6:20 पर मुरादाबाद से चलकर बरेली, लखनऊ, रायबरेली जंक्शन, मां बेहला देवी धाम प्रतापगढ़, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, सुरियामानपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर होते हुए बुधवार की रात्रि 3:30 पर बरौनी पहुंचेगी।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने आगे बताया कि ट्रेन संख्या (04537) 12 नवंबर को बरौनी से सुबह 6:30 पर चलेगी और उपरोक्त सभी स्टेशन पर ठहराव लेते हुए अगले दिन सुबह 6:40 पर मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचेगी और 10 मिनट ठहराव के बाद 6:50 पर मुरादाबाद से चलकर दोपहर 1:20 पर चंडीगढ़ पहुंचेगी।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल