गोमती तट पर बिखरी चैती छठ की छटा, खरना के साथ लोकआस्था का महापर्व शुरू
लखनऊ, 23 मार्च (हि.स.)। लोक आस्था, सूर्योपासना और परम्परा के महापर्व चैती छठ का शुभारंभ सोमवार को खरना के साथ हो गया। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के तत्वावधान में राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय के नेतृत्व में लक्ष्मण मेला मैदान स्थित छठ घाट गोमती तट पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने पर्व की शुरुआत शुद्धता, संयम और विधि-विधान से की। आयोजकों ने बताया कि सोमवार को खरना के साथ पर्व का विधिवत आरम्भ हुआ। इसके तहत व्रती महिलाओं ने दिन भर उपवास रखकर पूजा-अर्चना की और भगवान सूर्य तथा छठी मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मंगल की कामना की। खरना के बाद महापर्व के मुख्य अनुष्ठानों की शुरुआत मानी जाती है, जिससे पूरे आयोजन का आध्यात्मिक महत्व और बढ़ जाता है।
इसी क्रम में 24 मार्च को शाम 4 बजे सभी व्रती, श्रद्धालु और अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के पदाधिकारी छठ घाट लक्ष्मण मेला मैदान गोमती तट पर एकत्र होंगे। यहां सामूहिक पूजा-अर्चना के उपरांत शाम 5 बजे अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही घरों में कोसी भरने की परम्परा भी निभाई जाएगी।
इसके बाद 25 मार्च को प्रातः 5:30 बजे उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर महापर्व का समापन होगा। अर्घ्य के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा। व्रती महिलाएं एक-दूसरे को लंबा सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य की कामना करेंगी।
अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने कहा कि चैती छठ महापर्व समाज की आस्था, अनुशासन और सांस्कृतिक एकता का जीवंत प्रतीक है। यह पर्व केवल पूजा का अवसर नहीं, बल्कि परिवार, समाज और प्रकृति के प्रति समर्पण की भावना को भी मजबूत करता है।
महापर्व की तैयारियों में प्रभुनाथ राय, मनोज सिंह, वेद प्रकाश राय, जितेंद्र सोनकर, रामयतन यादव, सुनील सिंह, मनोज राय समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे रहे। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश