फूलबाग फलमंडी अग्निकांड : केस्को की लापरवाही से 29 परिवार का चाैपट हुआ काराेबार, मिले मुआवजा : सिद्धार्थ काशीवार

 


कानपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। बिजली विभाग की लापरवाही ने 29 परिवारों को बेघर और लाचार कर दिया है। जर्जर तारों के कारण उनकी जिंदगी भर की कमाई राख हो गई। आज ये परिवार अपने ही शहर में सहारे के लिए भटकने को मजबूर हैं। हम अपने अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेंगे। जब तक न्याय और मुआवजा नहीं मिलेगा, यह संघर्ष जारी रहेगा। यह बातें मंगलवार को उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष सिद्धार्थ काशीवार ने कही।

फूलबाग फलमंडी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवारों ने न्याय के लिए सत्याग्रह का रास्ता चुन लिया है। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के बैनर तले आयोजित सभा में 29 प्रभावित परिवारों ने शपथ ली कि उचित मुआवजा और कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सुरेंद्र सविता द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद व्यापार मंडल की इमराना खान ने सभी पीड़ितों और संगठन के सदस्यों को शपथ दिलाई कि वे अपने हक और सम्मान की लड़ाई अंत तक लड़ेंगे।

कार्यक्रम का संचालन रामशंकर वर्मा ने किया। यह आयोजन आनंदी सेना एवं उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय जायसवाल आनंदी, पवन यादव, राजेंद्र राज, संतोष लोधी, मनीष गौतम, अजय कनौजिया और दिनेश पांडेय सहित कई लोग उपस्थित रहे।

सभा में वक्ताओं ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जर्जर तारों और अनदेखी के कारण यह बड़ा हादसा हुआ, जिसमें 29 परिवारों की वर्षों की मेहनत से खड़ी आजीविका और आशियाना दोनों जलकर राख हो गए।

संगठन की ओर से मांग की गई कि सभी पीड़ित परिवारों को तत्काल दो लाख पचहत्तर हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए, बेघर परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की जाए और घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

कार्यक्रम के अंत में सभी पीड़ितों ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर संविधान प्रदत्त अधिकारों के तहत अपने हक की लड़ाई को सड़क से लेकर शासन तक लड़ने का संकल्प लिया। इस दौरान अजय प्रकाश तिवारी, उर्मिला दिवाकर, मनोज गुप्ता, दिनेश महाराज, कृष्ण मोहन शुक्ला, दिलीप सिंह, राखी विज सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप